"है और हैं" का प्रयोग किस प्रकार करें?

यह बात आप भी जानते होंगे कि 'है' का प्रयोग एक वचन के संदर्भ में और 'हैं' का प्रयोग बहुवचन के संदर्भ में होता है परंतु मूल समस्या यही होती है कि आप अक्सर वाक्य में एकवचन और बहुवचन की पहचान नहीं कर पाते इसलिए अक्सर 'है' और 'हैं' का गलत प्रयोग कर देते हैं, इसलिए अकारण ही त्रुटि हो जाती है।

एकवचन और बहुवचन की पहचान

अगर आप हिन्दी व्याकरण में दक्ष नहीं हैं तो किसी भी वाक्य में एकवचन और बहुवचन की पहचान करने के लिए आपको वाक्य को ध्यान से पढ़ना होगा। वाक्य को एक-दो बार पढ़ें, इससे आप समझ सकेंगे कि वाक्य में 'है-हैं' का प्रयोग किस शब्द के संदर्भ में होने वाला है।

चलिए आपके अभ्यास को आसान बनाते हैं, कृपया इन वाक्यों को पढ़ें और समझें कि इनमें कौन सा शब्द 'है-हैं' से संबंधित है।

1. दाल, रोटी और सब्जी सब कुछ अच्छे तरीके से बनाया गया है।

2. राम के पिताजी एक बहुत अच्छे प्रशिक्षक हैं जो हाॅकी का प्रशिक्षण देते हैं।

3. टिकट, खेल, म्यूजिक, बातचीत आदि हर प्रकार की सुविधा मोबाइल में उपलब्ध है।


सम्मानीय पद या नाम की दशा में

यहां एक बात यह भी उल्लेखनीय है कि एकवचन और बहुवचन के नियम सम्मानजनक स्थितियों में लागू नहीं होते हैं अर्थात् यदि कोई नाम या पद भले ही एकवचन हो, यदि वह सम्मानजनक पद या नाम है तो एकवचन होने पर भी उसके लिए वाक्य में 'हैं' का प्रयोग किया जाता है। 

इस नियम को आसानी से समझने के लिए आपको कुछ उदाहरणों पर गौर करना होगा-

1-रितु एक अच्छी लड़की है परंतु उसके पिताजी शराबी किस्म के हैं।

यहां इस वाक्य में रितु एकवचन होने के साथ-साथ एक सामान्य सा नाम है कोई श्रेष्ठ या सम्मानजनक पद या नाम नहीं, इसलिए यहां पर 'है' का प्रयोग किया गया है। इसके विपरीत पिताजी वरिष्ठ नागरिक होने के कारण एवं पुत्री की तुलना में पिता एक सम्मानजनक श्रेणी है, इसलिए रितु के पिता के लिए 'हैं' का प्रयोग किया गया है।

2-सतीश कंपनी मैनेजर है, आज वह दिल्ली जा रहा है। दिल्ली में लाल किले से प्रधानमंत्री जी राष्ट्र का संबोधन कर रहे हैं।

इस वाक्य में सतीश एक सामान्य नाम है और कंपनी मैनेजर का पद भी एकवचन है, इसलिए सतीश के लिए 'है' का प्रयोग किया गया है। जबकि प्रधानमंत्री भले ही संपूर्ण राष्ट्र में एक होते हैं परंतु चूंकि वह एक सम्मानीय पद है, इसलिए वाक्य में प्रधानमंत्री के लिए 'हैं' का प्रयोग किया गया है।

कुछ और उदाहरण देखिए, इनसे आपको यह समझने में मदद मिलेगी कि किस प्रकार से 'है-हैं' का प्रयोग होता है।

  • लोग नशे की लत का शिकार हो रहे हैं।
  • नशे की लत लोगों को बरबाद कर रही है।
  • राधा के पिताजी अत्यंत धनी व्यक्ति हैं।
  • हम आपके घर आने का प्लान बना रहे हैं।
  • व्यक्ति जब सोकर उठता है तो पहले फोन देखता है।
  • इंटरनेट पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का प्रयोग हो रहा है।
  • लोग इंटरनेट पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का गलत प्रयोग कर रहे हैं।